Ratlam Rajdhani Express Fire: रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी भीषण आग।
Ratlam Rajdhani Express Fire: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से आज सुबह एक बेहद हैरान और डरा देने वाली खबर सामने आई है। त्रिवेंद्रम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही गाड़ी संख्या 12431 ‘त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस’ में रविवार सुबह तड़के भीषण आग लग गई। यह हादसा रतलाम जिले के आलोट और लूणी रीछा स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:15 से 5:30 बजे के बीच हुआ।
आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते ट्रेन का थर्ड एसी (B-1) कोच और एसएलआर (SLR) बोगी आग की लपटों में घिर गए और जलकर पूरी तरह खाक हो गए। हालांकि, इस बेहद डरावने हादसे के बीच सबसे राहत की बात यह रही कि समय रहते ट्रेन में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।
नींद में थे यात्री, अचानक गूंजा हूटर और मच गई अफरा-तफरी
चश्मदीद यात्रियों के मुताबिक, सुबह सवा पांच बजे के आसपास जब ज्यादातर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक ट्रेन के बी-1 (B-1) कोच से धुंआ उठने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। ट्रेन में लगे रेलवे के इमरजेंसी हूटर बजते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार और हड़कंप मच गया।
ट्रेन के गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना लोको पायलट (ड्राइवर) को दी, जिसके बाद ट्रेन को सूझबूझ के साथ तत्काल रोका गया। ट्रेन रुकते ही आरपीएफ (RPF) स्टाफ, रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मोर्चा संभाला। महज 15 मिनट के भीतर सूझबूझ दिखाते हुए कोच में फंसे सभी 68 यात्रियों की सुरक्षित डि-बोर्डिंग कराई गई। यात्रियों का कहना है कि अगर 5 मिनट की भी देरी होती, तो कोच के भीतर की स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
रेलवे ने उठाया त्वरित कदम, दिल्ली-मुंबई रूट प्रभावित
हादसे की खबर लगते ही रतलाम और कोटा रेल मंडल के आला अधिकारी, डीआरएम (DRM) और दुर्घटना राहत ट्रेन (Accident Relief Train) तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने प्रभावित बोगियों को ट्रेन के बाकी हिस्से से अलग (Detach) कर दिया और ओवरहेड इलेक्ट्रिक सप्लाई (OHE) को तुरंत बंद कर दिया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस भीषण आगजनी के कारण दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। रूट ठप होने के कारण स्वराज एक्सप्रेस और मेमो एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनों को आसपास के अलग-अलग स्टेशनों (जैसे शामगढ़, सुवासरा और चौमहला) पर रोकना पड़ा है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शॉर्ट सर्किट हो सकती है आग की वजह, जांच शुरू
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) मुकेश कुमार और सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी भी यात्री को आंच नहीं आई है। सभी प्रभावित यात्रियों को फिलहाल ट्रेन के दूसरे कोचों में शिफ्ट करके राजस्थान के कोटा स्टेशन भेजा जा रहा है। कोटा स्टेशन पर ट्रेन की क्षमता को बहाल करने के लिए एक अतिरिक्त एसी कोच जोड़ा जाएगा।
प्रारंभिक जांच और रेलवे सूत्रों के मुताबिक, आग लगने का मुख्य कारण एसी बोगी में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि रेलवे ने इसके सटीक कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

Live India News
NEET UG Paper Leak Case: NEET केस में बड़ी गिरफ्तारी, NTA की एक्सपर्ट टीचर ने कैसे किया बायोलॉजी का पेपर लीक? पढ़ें पूरी ख़बर
Discover more from Live India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




