Earthquakes in Venezuela: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला से दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। बुधवार की शाम वेनेजुएला के इतिहास के सबसे काले दिनों में दर्ज हो गई, जब महज 39 सेकंड के अंतराल पर देश के उत्तर-मध्य हिस्से में दो बेहद शक्तिशाली भूकंप आए। रिक्टर स्केल पर पहले भूकंप की तीव्रता 7.2 और उसके ठीक पीछे आए मुख्य झटके की तीव्रता 7.5 मापी गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, यह वेनेजुएला में पिछले 126 सालों में आया सबसे बड़ा और विनाशकारी भूकंप है। इस भीषण प्राकृतिक आपदा को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में आपातकाल (State of Emergency) घोषित कर दिया है।
10 हजार से अधिक मौतों की खौफनाक आशंका
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के शुरुआती ‘पेजर’ (PAGER) अनुमान ने दुनिया भर को चिंता में डाल दिया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप की भयावहता और घनी आबादी वाले इलाकों के प्रभावित होने के कारण मरने वालों की संख्या 10,000 से लेकर 1 लाख के बीच हो सकती है। फिलहाल संचार व्यवस्था पूरी तरह ठप होने और बिजली गुल होने के कारण सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन स्थानीय मेयर और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सैकड़ों लोग ढह चुकी इमारतों के मलबे के नीचे दबे हुए हैं।
ताश के पत्तों की तरह ढह गईं बहुमंजिला इमारतें
भूकंप का केंद्र मोरोन शहर के पास ज़मीन से सिर्फ 10 किलोमीटर की गहराई में था। कम गहराई होने के कारण झटके इतने भीषण थे कि राजधानी कराकास की खूबसूरत और पॉश कॉलोनियां खंडहर में बदल गईं। कराकास के अल्तामीरा इलाके में एक 22 मंजिला रिहायशी इमारत देखते ही देखते ज़मींदोज़ हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियोज में चारों तरफ धूल का गुबार, चीख-पुकार और भागते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। सड़कों पर बिजली के खंभे गिर चुके हैं और गैस पाइपलाइनों में रिसाव के खतरे को देखते हुए कई इलाकों की गैस सप्लाई काट दी गई है।
गृह मंत्री का बयान: वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो ने टेलीविजन पर जनता से अपील करते हुए कहा, “हालात बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। हम रेस्क्यू प्रोटोकॉल के तहत काम कर रहे हैं। लोग क्षतिग्रस्त इमारतों के अंदर न जाएं और सड़कों को खाली रखें ताकि एम्बुलेंस और राहत दल आसानी से पहुंच सकें।”
इंटरनेशनल एयरपोर्ट तबाह, उड़ानें रद्द
इस त्रासदी की मार देश के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी बुरी तरह पड़ी है। राजधानी कराकास को सेवा देने वाला मुख्य हवाई अड्डा ‘सिमोन बोलिवार इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ (Simón Bolívar International Airport) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। भूकंप के दौरान एयरपोर्ट की छत का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर नीचे गिर गया, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में भगदड़ मच गई। प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से हवाई अड्डे को बंद कर दिया है और सभी घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
पूरी दुनिया में दुख की लहर, भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ
इस भीषण आपदा पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि भारत दुख की इस घड़ी में वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़ा है और हर संभव मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है। वहीं अमेरिकी नेताओं ने भी वेनेजुएला को इस संकट से उबरने के लिए हर जरूरी मदद देने का भरोसा दिया है। फिलहाल कराकास की सड़कों पर लोग अपने पालतू जानवरों और बच्चों को गोद में लिए खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं, क्योंकि लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) के डर से कोई भी घर लौटने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है।

ये भी पढ़े– Cricketer Akash Deep Marriage: क्रिकेटर आकाशदीप ने अक्षिता संग लिए सात फेरे, वाराणसी में हुई शाही शादी।
Stock Market Today: बाजार में हरियाली, सेंसेक्स 77 हजार के करीब, निफ्टी 197 अंक मजबूत।
Discover more from Live India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




