Facebook: बुधवार को दिग्गज सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने कहा कि मार्च 2025 में फ्रॉड में शामिल 23,000 से अधिक फेसबुक पेज और अकाउंट्स को हटा दिया गया था, जो ब्राजील और भारत के यूजर्स को निशाना बनाने के लिए बनाए गए थे। मेटा, फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को चलाने वाली कंपनी, ने कहा कि घोटालेबाजों ने डीपफेक जैसी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर लोगों के साथ फ्रॉड करने की कोशिश की। मेटा ने बताया कि ये लोग टेक्नोलॉजी की मदद से पर्सनल फाइनेंस कॉन्टेंट क्रिएटर्स, क्रिकेट खिलाड़ियों और बिजनेस से जुड़े लोगों को गलत ढंग से पेश कर रहे थे और फ्रॉड वाले निवेश ऐप और जुआ खिलाने वाली वेबसाइटों का समर्थन कर रहे थे।
जागरूकता बढ़ाने के प्रयास
मेटा ने बताया कि फर्जीवाड़ा करने वाले लोगों को मैसेजिंग ऐप पर “निवेश सलाह” देते थे और कभी-कभी एक फर्जी वेबसाइट पर ले जाते थे। मेटा ने एक बयान में कहा, ‘‘मार्च में हमने धोखाधड़ी की कई गतिविधियों में लिप्त रहे 23,000 से अधिक फेसबुक पेज और खातों को हटा दिया, जो मुख्य रूप से ब्राजील और भारत के लोगों को लक्षित करते थे।’’ मेटा ने धोखाधड़ी पर जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत लोगों को ऑनलाइन निवेश और भुगतान से संबंधित फर्जीवाड़ों की पहचान करने और उनसे बचने में मदद करने के लिए जानकारी और आसान सुझाव दिए हैं।
भारत में मेटा प्लेटफॉर्म्स सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाते हैं
बताते चलें कि भारत में मेटा (एक अमेरिकी सोशल मीडिया कंपनी) के सबसे ज्यादा यूजर हैं। भारत में वॉट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम सहित मेटा के कई प्लेटफॉर्म का व्यापक उपयोग होता है। भारत में 375 मिलियन से अधिक लोग फेसबुक पर हैं। साथ ही, भारत में वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम के सबसे अधिक यूजर्स हैं।





